दिल्ली। राजधानी के सिविल लाइंस इलाके में शुक्रवार देर रात एक बस में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना कश्मीरी गेट के नजदीक स्थित एक पार्किंग में हुई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में बस का पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया।
दमकल विभाग को सूचना मिलते ही मौके पर तीन फायर टेंडर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास के इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया।
शुरुआती जांच से पता चला है कि बस पुरानी और निष्क्रिय थी। ऐसा संदेह जताया जा रहा है कि बस में लगी बैटरी शॉर्ट सर्किट की वजह से यह आग लगी होगी। खास बात यह है कि इस पार्किंग में कई पुरानी बसें अवैध रूप से खड़ी हैं।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “हमें समय पर सूचना मिल गई थी। हमारी त्वरित कार्रवाई से आग पास की दूसरी बसों और इमारतों में नहीं फैली। नहीं तो बड़ी तबाही हो सकती थी।”
आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने मौके का जायजा लिया। पार्किंग में अवैध रूप से खड़ी पुरानी बसों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां लंबे समय से ऐसी बसें पड़ी हैं, जो सुरक्षा के लिए खतरा हैं।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन यह घटना एक बार फिर अवैध पार्किंग और पुराने वाहनों में लगने वाली आग के खतरे को उजागर करती है। दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग ने इस मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
याह बस लक्ष्मी हॉलीडे की है
Lakshmi holiday Delhi